बंगाल: पामेला गोस्वामी ड्रग केस में एक और बीजेपी नेता गिरफ़्तार, समन भेजे जाने पर आने से कर दिया था इनकार

कोलकाता: पश्चिम बंगाल पुलिस ने भाजपा नेता राकेश सिंह को मादक पदार्थ जब्ती मामले में संलिप्तता के आरोप में पूर्व बर्दमान जिले से मंगलवार रात को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शहर के बंदरगाह क्षेत्र में भाजपा के राज्य समिति के सदस्य के घर में प्रवेश करने से रोकने के आरोप में कोलकाता पुलिस के मादक पदार्थ खंड द्वारा उनके दो बेटों को भी गिरफ्तार किया गया है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजुमो) की राज्य सचिव पामेला गोस्वामी को उनके दोस्त और निजी सुरक्षा गार्ड के साथ 19 फरवरी को दक्षिण कोलकाता के न्यू अलीपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया था। उनकी कार से 90 ग्राम कोकीन मिली थी। गोस्वामी ने आरोप लगाया था कि यह सिंह की साजिश है। कोलकाता पुलिस ने सिंह को एक नोटिस दिया जिसमें उनसे मामले के संबंध में कोलकाता पुलिस मुख्यालय में जांचकर्ताओं के सामने उपस्थित होने को कहा गया था। पुलिस द्वारा धारा 160 सीआरपीसी के तहत उन्हें समन भेजा गया था।
इस पर बीजेपी नेता ने कहा था कि वह किसी काम से दिल्ली जा रहे हैं और 26 फरवरी को पुलिस के सामने पेश होंगे। अधिकारी ने कहा कि भाजपा नेता को कोलकाता लाया जा रहा है। उनके दो बेटों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शिवम सिंह और सुवम सिंह को कोलकाता पुलिस ने कथित रूप से पुलिस अधिकारियों को उनके कर्तव्यों का निर्वहन करने से रोकने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उन्हें लाल बाजार के सेंट्रल लॉकअप में भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *