छत्तीसगढ़ मुठभेड़ में 2 सुरक्षाकर्मी शहीद, 31 नक्सली ढेर

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में दो सुरक्षाकर्मी मारे गए और दो अन्य घायल हो गए। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने 31 नक्सलियों को भी मार गिराया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मारे गए दो सुरक्षाकर्मियों में से एक राज्य पुलिस के डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड का और दूसरा स्पेशल टास्क फोर्स का है।

मुठभेड़ रविवार सुबह इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र के एक जंगल में हुई जब विभिन्न सुरक्षा बलों के जवानों की एक संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। सर्च ऑपरेशन जारी है।

बस्तर आईजी पी. सुंदरराज ने बताया, “जिला बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर बीजापुर DRG, STF और संयुक्त बल को रवाना किया गया था। आज ऑपरेशन के दौरान माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच कई बार मुठभेड़ हुईं। मुठभेड़ के बाद सर्चिंग में अब तक कुल 31 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। हमारे 2 जवान घायल हुए हैं, उनकी हालत स्थिर है… सर्च ऑपरेशन जारी है। इस मुठभेड़ में हमारा एक DRG और एक STF का जवान शहीद हो गए। साल 2025 में अब तक अलग-अलग मुठभेड़ों में 65 माओवादियों के शव बरामद किए जा चुके हैं।”

वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “नक्सल मुक्त भारत बनाने की दिशा में सुरक्षा बलों ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर में बड़ी सफलता हासिल की है। इस ऑपरेशन में 31 नक्सलियों को ढेर करने के साथ ही भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गयी है। मानवता विरोधी नक्सलवाद को समाप्त करने में आज हमने अपने दो बहादुर जवानों को खोया है। यह देश इन वीरों का सदा ऋणी रहेगा। शहीद जवानों के परिजनों के प्रति भावपूर्ण संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ। साथ ही पुनः यह संकल्प दोहराता हूँ कि 31 मार्च 2026 से पहले हम देश से नक्सलवाद को जड़ से समाप्त कर देंगे, ताकि देश के किसी भी नागरिक को इसके कारण अपनी जान न गँवानी पड़े।”

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “हम जबसे सरकार में आए हैं तभी से नक्सलवाद के खिलाफ मज़बूती से लड़ाई लड़ रहे हैं… हम अपने जवानों के साहस को सलाम करते हैं कि वे इतनी बहादुरी के साथ नक्सलवाद के खिलाफ लड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का संकल्प है कि मार्च 2026 तक भारत से नक्सलवाद को समाप्त करना है।”

साय ने आगे कहा, “हमारी सरकार को 13 महीने हुए हैं और 13 महीने में हमने नक्सलवाद के साथ बहुत मजबूती के साथ लड़ाई लड़ी है। सुरक्षा के जवान बहुत साहस के साथ लड़े हैं। डबल इंजन की सरकार का लाभ भी हमें मिल रहा है। आज बीजापुर जिले में मुठभेड़ हुई है, जिसमें 31 नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। यह DRG, STF और बस्तर फाइटर का संयुक्त ऑपरेशन था। हमारे 2 जवान शहीद हुए हैं, मैं उनको विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, “बीजापुर में हमारे जवानों ने बहादुरी के साथ 31 नक्सलियों को मार गिराया है। मैं इसके लिए उन्हें बधाई देता हूं। यह प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्च 2026 तक देश को नक्सल मुक्त बनाने के संकल्प की दिशा में एक बड़ा कदम है। 2 जवानों ने अपनी जान गंवाई है और मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया, “बीजापुर के नेशनल पार्क इलाके में कई कैंपों से 650 से ज्यादा जवानों ने ऑपरेशन लॉन्च किया, कई दिनों तक ऑपरेशन चला, जिसके बाद आज 31 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। उनके पास से AK-47, INSAS, BGL लॉन्चर और बड़े हथियार बरामद हुए हैं, इस घटना में हमारे 2 जवान शहीद हो गए और 2 जवान घायल हुए हैं जिन्हें एयरलिफ्ट किया गया है।”

इस बीच इन सभी नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, हम उनकी पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।

मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में एके-47, एसएलआर, इंसास राइफल, .303, बीजीएल लॉन्चर हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।

बताया जा रहा है कि घायल सुरक्षाकर्मी खतरे से बाहर हैं और उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र में स्थानांतरित किया गया है। अतिरिक्त बलों को सुदृढीकरण के रूप में भेजा गया है, और क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *