‘भारत जोड़ो यात्रा’ का 123वां दिन: होशियारपुर से आगे बढ़ी यात्रा, कश्मीर में राहुल गांधी को खतरा, सुरक्षा एजेंसियों ने दी चेतावनी

पंजाब में राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आज छठा दिन है। यात्रा मंगलवार सुबह 7 बजे होशियारपुर के टांडा से शुरू हुई। आज की यात्रा में राहुल 27KM पैदल चलेंगे। आज नाइट स्टे मुकेरियां में होगा। यात्रा मंगलवार शाम पंजाब-हिमाचल के बॉर्डर पर पहुंचेगी। 18 जनवरी को सुबह 7:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक भारत जोड़ो यात्रा हिमाचल में होगी। 18 जनवरी को सुबह पंजाब और हिमाचल के बार्डर पर मानसर टोल बैरियर पर सुबह 7:00 बजे फ्लैग हैंडिंग सेरेमनी होगी। यहां से राहुल काठगढ़ मंदिर, इंदौरा होकर मलोट पहुंचेंगे। शाम को यात्रा पंजाब के पठानकोट पहुंचेगी। यहीं राहुल गांधी का रात्रि कैंप लगेगा। इसके बाद यात्रा 6 किमी का सफर तय करने के बाद जम्मू-कश्मीर में दाखिल हो जाएगी।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ के कश्मीर पहुंचने से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर अर्लट जारी किया है। सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रा के कश्मीर चैप्टर के दौरान राहुल गांधी को कुछ जगहों पर पैदल नहीं चलने की सलाह दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्हें सुरक्षित रखने के लिए एक विस्तृत योजना बनाई गई है और उन्हें यह सलाह दी गई है कि उन्हें पैदल यात्रा करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल को पैदल चलने के बजाय कार से ही यात्रा करनी चाहिए।

‘भारत जोड़ो यात्रा” 19 जनवरी को जम्मू-कश्मीर पहुंचेगी और 30 जनवरी को श्रीनगर में एक विशाल रैली के साथ संपन्न होगी। कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर प्रभारी पाटिल ने कहा है कि राहुल गांधी 19 जनवरी को पंजाब-जम्मू सीमा पर लखनपुर पहुंचेंगे। उसके बाद राहुल गांधी लखनपुर से कठुआ, सांबा होते हुए जम्मू के सतवारी चौक पहुंचेंगे, जहां एक जनसभा आयोजित की जाएगी।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 5वें दिन होशियारपुर में राहुल गांधी ने संबोधन दिया। उन्होंने आप पार्टी को निशाने पर लिया और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को नसीहत देते हुए कहा कि, “मैं पंजाब के CM से कहना चाहता हूं…भगवंत मान से कहना चाहता हूं .. आप पंजाब के CM हो.. पंजाब को पंजाब से चलाना चाहिए… दिल्ली- केजरीवाल के दबाव में नहीं आना चाहिए। यह पंजाब की इज्जत की बात है। आपके किसानों मजदूरों की बात सुन कर काम करना चाहिए। किसी का रिमोट कंट्रोल नहीं बनना चाहिए। कांग्रेस की सरकार में पंजाब यहीं से चलता था”।

राहुल गांधी ने किसानों की बात करते हुए कहा कि, “1 साल किसानों ने दिल्ली बॉर्डर पर बैठकर तपस्या की जिसमें 700 किसान शहीद हो गए। लेकिन जब मैंने संसद में सभी के लिए मौन रखने की बात कही तो सरकार ने मना कर दिया और किसानों को शहीद मानने से इनकार कर दिया। राहुल गांधी ने कहा कि किसानों, मजदूरों, युवाओं की मेहनत का फल भारत की सरकार पूंजीपतियों को दे रही है। किसान जो खेतों में मेहनत करता है, उनके कर्जे माफ नहीं होते, पूंजीपतियों के करोड़ों रुपए पलों में माफ हो जाते हैं”।

राहुल ने कहा कि, “गुरु नानक देव जी, गुरु गोबिंद सिंह जी और गुरु तेग बहादुर जी ने देश में मोहब्बत फैलाने की बात कही थी। इन गुरुओं ने दूसरों के धर्म का सम्मान, मेहनत करने, भाईचारे और नफरत ना करने का संदेश दिया। इसी पर यह यात्रा भी है। BJP की सरकार में देश में नफरत बढ़ी है। हम हर जगह मुहब्बत की दुकान खोलने की बात कह रहे हैं”।

26 जनवरी से कांग्रेस का ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान भी शुरू होगा

जयराम रमेश ने कहा कि ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान दो महीने तक चलेगा। दो माह का यह अभियान तीन चरण में चलेगा। पहले चरण में हर गांव और मतदान केंद्र स्तर पर पदयात्रा होगी। इसमें घर-घर जनसंपर्क करने के साथ भारत जोड़ो यात्रा के भावनात्मक वीडियो दिखाए जाएंगे। युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन प्रत्येक विकासखंड में बाइक रैली निकालेंगे। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में प्रत्येक राज्य की राजधानी में महिला मार्च और महिला घोषणापत्र का विमोचन होगा।

बता दें कि 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा ने अब तक 11 राज्यों का सफर तय कर लिया है। इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। राहुल ने अब तक करीब 3500 किमी की यात्रा को पूरा कर लिया है। फिलहाल यात्रा पंजाब में है। पार्टी का लक्ष्य 150 दिनों में 12 राज्यों का सफर तय कर पैदल 3570 किलोमीटर की दूरी तय करना है। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का समापन 30 जनवरी को श्रीनगर में होगा। श्रीनगर में यात्रा के समापन के लिए 21 पार्टियों को निमंत्रण भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *